![]() |
अतुल कॉमिक्स का भारतीय कॉमिक्स जगत से आते ही ओझल हो जाना मेरे लिए किसी
आश्चर्य से कम नहीं है. इसकी पहली (और दुर्भाग्यवश अंतिम भी) कॉमिक्स ‘राजा हड़बड़
सिंह – मंत्री गड़बड़ सिंह’ अत्यंत लोकप्रिय मासिक पत्रिका टिंकल के लोकप्रिय
तंत्री-मंत्री का ही दूसरा रूप थी. कहानी भी आलोक माथुर ने लिखी थी जिन्होंने टिंकल में तंत्री-मंत्री की कहानियाँ लिखी हुयी
थी और चित्रकार महान प्रदीप साठे जी थे. कहानीकार आलोक माथुर ने स्वयं ही इस
कॉमिक्स को प्रकाशित किया था और जैसा कि उन्होंने लिखा भी है कि ‘बचपन से मेरा
सपना थी कि कभी अपनी खुद की पुस्तक प्रकाशित करूँ.”
तो एक महत्वाकांक्षी कदम, लोकप्रिय किरदार और चित्रकथा जगत के बेहतरीन कलाकार के
बाद भी इस कॉमिक्स का न चल पाना एक दुखद बात थी. बाकायदा इसके दूसरे अंक की घोषणा
भी की गयी थी और तो और एक इनामी प्रतियोगिता भी रखी गयी थी लेकिन यह सब सपना ही रह
गया.
संक्षेप में, अतुल कॉमिक्स, भारतीय कॉमिक्स के आसमान में ऊँची उड़ान का
उद्देश्य लिए लेखक-प्रकाशक आलोक माथुर द्वारा किया गया एक प्रयास था जो पहले अंक ‘राजा
हड़बड़ सिंह – मंत्री गड़बड़ सिंह’ से आगे नहीं बढ़ पाया और एक शानदार श्रृंखला शुरू
होने के पहले ही बंद हो गयी.
अतुल कॉमिक्स बड़े आकार में 32 पृष्ठों के साथ हिंदी और अंग्रेजी दोनों ही भाषाओँ
में आठ रुपये की कीमत के साथ प्रकाशित हुयी थी. अतुल प्रकाशन पंचायती गुरुद्वारा
के पास, सायन कोलीवाड़ा, बम्बई से प्रकाशित हुयी थी.
![]() |
| दूसरे अंक का विज्ञापन (हिंदी) |
![]() |
| दूसरे अंक का विज्ञापन (अंग्रेजी) |
इस कॉमिक्स में टिंकल के राजा हूजा (King Hooja) जो कि हुजली राज्य का सरल और
भोला शासक था – उसे नादानपुर के भोले राजा राजा हड़बड़ सिंह के रूप में, और उसे
हटाकर उसके सिंहासन पर कब्जा कर राजा बनने का ख्वाब देखने वाले षड्यंत्रकारी
मंत्री, तंत्री (Tantri) को मंत्री गड़बड़ सिंह के नाम से पेश किया गया है, बाकी सभी मसाले
वही हैं. वैसे एक जानकारी देता चलूँ कि तंत्री मंत्री सुब्बाराव जी की देन है और
जनवरी 1984 के टिंकल 51 में पहली बार इनकी कहानी प्रकाशित हुयी थी.
कहानी अभी बाकी है दोस्तों –
भले ही आलोक माथुर का यह प्रयास असफल हुआ लेकिन बाद में HG Comics नाम से इनकी एक नहीं बल्कि चार कॉमिक्स प्रकाशित हुयी जिसमें प्रथम अंक का पुनः प्रकाशन किया गया था और दूसरे प्रस्तावित अंक (जंगल की मौत - Death From The Jungle) भी प्रकाशित हुयी थी. इनके अतिरिक्त दो और नए अंक हिंदी और अंग्रेजी में प्रकाशित हुए थे. ये अंक अलग-अलग भी प्रकाशित किये थे और 4-इन-1 के रूप में भी.
हिंदी अंक -
1. आसमान की सैर और अन्य कहानियाँ
2. जंगली मौत और अन्य कहानियाँ
3. आ बैल मुझे मार और अन्य कहानियाँ
4. अनोखी शादी और अन्य कहानियाँ
English Issues -
1. Wings of Doom and Other Stories.
2. Death From the Jungle and Other Stories.
3. Inviting Trouble and Other Stories.
4. Pinku Weds Pinky and Other Stories.
इसके बाद श्री बुक सेंटर के
द्वारा एस (श्री) कॉमिक्स के नाम से भी इन अंकों का पुनः प्रकाशन हिंदी और अंग्रेजी
में प्रकाशित हुआ था. इनमें से कुछ अंकों को आप अभी भी खरीद सकते हैं. चलिए बाद में ही सहीं,
कुछ सफलता तो मिली.







